पलपल संवाददाता, जबलपुर। एमपी के जबलपुर में जानलेवा हमला व अवैध रुप से रुपयों की मांग करने के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। मानव घनघोरिया के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत माढ़ोताल थाना में प्रकरण दर्ज किया था। इस मामले में मानव के चार साथी पहले ही सिविल लाइन थाना पुलिस की गिरफ्त में आ चुके है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संचार नगर दीनदयाल निवासी गौरव बाजपेई अपनी पत्नी के साथ घर के सामने दुकान पर बैठा था तभी काले रंग की स्कॉर्पियो में मानव घनघोरिया अपने 5-6 साथियों के साथ वहां आया और आकर गौरव को फुटपाथ पर बुलवाकर बीस हजार रूपए की अवैध मांग करने लगा। गौरव द्वारा मना करने पर मानव ने पहले चाकू से वार कर दिया और फिर अपने साथियों से जान से खत्म करने के लिए बोला। इसके बाद मानव के साथियों ने एक राय होकर गौरव के ऊपर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने मानव घनघोरिया व उसके साथियों के खिलाफ 307 व 327 के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी थी। पुलिस ने मानव के चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की टीमें मानव घनघोरिया की तलाश में जुटी रही। आज सिविल लाइन, क्राइम ब्रांच, माढ़ोताल थाना पुलिस ने घेराबंदी कर मानव को गिरफ्तार कर लिया।
एमपी : जबलपुर में भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मानव घनघोरिया गिरफ्तार..!
प्रेषित समय :19:59:02 PM / Mon, Aug 4th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर





