जबलपुर की अश्वनी बनी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, बोली, भाजपा ऐसा संगठन है जिसका एक वर्किंग सिस्टम है

जबलपुर की अश्वनी बनी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, बोली, भाजपा ऐसा संगठन है जिसका एक वर्किंग सिस्टम है

प्रेषित समय :17:43:52 PM / Sun, Nov 23rd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम में नई नियुक्तियों की आखिरकार घोषणा हो गई हैं. टीम में प्रदेश कार्यालय व्यवस्था प्रभारीए प्रदेश मोर्चा प्रभारी और प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी की नई जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को सौंपी गई है.

युवा मोर्चा और महिला मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्ति की सूची भी जारी कर दी गई. मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेल को बनाया गया तो वहीं प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष अश्विनी परांजपे को नियुक्त किया गया. मध्यप्रदेश में कई दिग्गज नेत्री के बीच प्रदेश अध्यक्ष ने जबलपुर की अश्विनी परांजपे को यह जिम्मेदारी सौंपी है. वहीं देवास के पार्टी पदाधिकारी प्रीतम सिंह सोलंकी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

मध्यप्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अश्विनी परांजपे ने कहा कि बीते 25 सालों से राजनीति में हूं. अखिल विद्यार्थी परिषद से राजनीति शुरू करने के बाद संगठन ने कई अलग-अलग जिम्मेदारी दी है जिसका निर्वहन किया और लगातार कोशिश भी की गई. अब जबकि संगठन ने नई जिम्मेदारी दी, तो उसका ना सिर्फ निर्वहन होगा, बल्कि महिलाओं के उत्थान और पार्टी के हित में सभी को साथ में लेकर काम किया जाएगा. अश्विनी परांजपे का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा राजनीतिक संगठन है. जिसका अपना एक वर्किंग सिस्टम है. मैं उसमें खरा उतरने की कोशिश करूंगी.

उन्होंने कहा कि हम कैडरबेस ऑर्गनाइजेशन के वर्कर है, उसी के आधार पर काम करेंगे. भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनी अश्विनी परांजपे ने संगठन की और से सौंपी गई जिम्मेदारी पर सभी का धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल व मुख्यमंत्री मोहन यादव, संगठन मंत्री का आभार व्यक्त करती हूं कि एक नई जिम्मेदारी सौंपी है. मध्यप्रदेश में हमारा मोर्चा महिला के उत्थान और उनके हर सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहेगा.

अश्वनी का ऐसा रहा कार्यकाल-

अश्वनी 2000 से 2014 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में नगर मंत्री के बाद प्रदेश मंत्री और राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य के पद पर नियुक्त रहीं. 2014 में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के चुनाव की बागडोर अमेठी में संभाली थी. अश्वनी परांजपे 2015 में महिला मोर्चा की सदस्य बनीं फिर इसी साल जबलपुर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बनी. 2015 से 2019 से अश्वनी परांजपे महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रहीं. इसके बाद 2019 में ही महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री बनी और वर्तमान में अश्वनी परांजपे इसी पद पर हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-