बिहार के गया जी में फायरिंग रेंज में फटा तोप का गोला, एक की मौत, एक घायल

बिहार के गया जी में फायरिंग रेंज में फटा तोप का गोला, एक की मौत, एक घायल

प्रेषित समय :21:12:58 PM / Fri, Jan 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अनिल मिश्र/ पटना 

बिहार प्रदेश के गया जिले के बाराचट्टी प्रखंड में स्थित सैनिक अभ्यास के बाद सुरक्षा मानकों के पालन में हुई गंभीर लापरवाही के कारण एक किशोर की जान पर भारी पड़ गई.  दरअसल बाराचट्टी प्रखंड के बुमेर पंचायत के विघी पहाड़ी के समीप स्थित सैनिक अभ्यास फील्ड रेंज में शुक्रवार को एक अप्रस्फुटित विस्फोटक के अचानक फटने से पन्द्रह वर्षीय किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है.

वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में ज़िन्दगी और मौत के बीच मगध मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ, जब कुछ युवक प्रतिबंधित सैन्य क्षेत्र के भीतर पड़े एक संदिग्ध विस्फोटक को उठाने के लिए अंदर चला गया. इसी दौरान विस्फोट हो गया. मृतक की पहचान बुमेर पंचायत निवासी सौरभ कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि मुकेश कुमार (15 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, गया रेफर किया गया है, जहां घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि पूर्व के वर्षों में भी बिघी फायरिंग जोन में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-