एमपी : तेंदुए ने 5 बकरियों, 3 भैंसों का किया शिकार, कटनी के विजयराघवगढ़ में ग्रामीणों में फैली दहशत

एमपी : तेंदुए ने 5 बकरियों, 3 भैंसों का किया शिकार, कटनी के विजयराघवगढ़ में ग्रामीणों में फैली दहशत

प्रेषित समय :14:59:29 PM / Tue, Feb 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कटनी. एमपी के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र में तेंदुए का आतंक जारी है. बीते दिनों एक मासूम बालक को शिकार बनाने के बाद, अब तेंदुए ने रिहायशी इलाकों में पशुओं को निशाना बनाया है. सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात महगांव ग्राम में तेंदुए ने एक घर में घुसकर पांच बकरियों और तीन भैंसों का शिकार किया.

जानकारी के अनुसार, महगांव निवासी किसान मीना बाई पंजाबी के घर के पास बने बाड़े में तेंदुआ देर रात घुसा. तेंदुए ने वहां बंधी पांच बकरियों और तीन भैंसों पर हमला कर उन्हें मार डाला.  आज सुबह जब पशुपालक मीना अपने मवेशियों को देखने पहुंचीं, तो सभी जानवर मृत अवस्था में पाए गए. इस घटना से गांव में दहशत फैल गई.

उल्लेखनीय है कि इसी वन परिक्षेत्र के घुनौर ग्राम में 30 दिसंबर को तेंदुए ने 10 वर्षीय बालक राज कोल पर हमला कर उसकी जान ले ली थी. महगांव की इस नई घटना ने ग्रामीणों में चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, जिससे अब घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम महगांव पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां उन्हें तेंदुए के स्पष्ट पदचिह्न मिले. विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के जंगलों में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-