WCR का 70वां विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह, जीएम के हाथों सम्मान पाकर खुश हुए अधिकारी, कर्मचारी

WCR का 70वां विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह, जीएम के हाथों सम्मान पाकर खुश हुए अधिकारी, कर्मचारी

प्रेषित समय :20:34:53 PM / Wed, Feb 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रेल सप्ताह समारोह 2025 के अंतर्गत 70वां विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह मदनमहल स्थित रेल उत्सव सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ। बुधवार 4 फरवरी को पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने भोपाल, जबलपुर, कोटा मण्डलों एवं कारखानों तथा मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार और साथ ही रेल सेवा पुरस्कार से भी सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त ओव्हर ऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित विभागीय दक्षता शील्ड भी प्रदान की गईं। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

समारोह में अपर महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार खत्री, पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, सभी विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष, तीनों मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण, मान्यता प्राप्त यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।  

रेल सप्ताह समारोह के अंतर्गत बीते हुए वर्ष के कार्य निष्पादन की समीक्षा और आने वाले वित्त वर्ष में इससे बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को ये पुरस्कार प्रदान किए गए।

महाप्रबन्धक ने बताया कि पश्चिम मध्य रेल को वर्ष 2024-25 के दौरान अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह में माननीय रेलमंत्री जी द्वारा ओव्हर ऑल एफिशिएंसी गोविन्द बल्लभ पंत शील्ड एवं सेल्स मैनेजमेंट शील्ड से सम्मानित किया गया है। साथ ही, हमारे 01 कर्मचारी को भी रेल मंत्री स्तर पर व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके लिए तीनों मंडलों, दोनों कारखानों एवं मुख्यालय में कार्यरत रेलकर्मियों तथा उनके परिजनों और परोक्ष रूप से जुड़े हुए सभी को बधाई दी।

महाप्रबंधक ने कहा कि पश्चिम मध्य रेल के सभी रेलकर्मी पूर्ण निष्ठा एवं लगन के साथ अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं एवं राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं। हमारे रेल कर्मियों का उत्साह व मनोबल बना रहे और हम लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर रहें। इसी तरह आगे भी हम सब एकजुट होकर मेहनत करेंगे और अपनी संगठित शक्ति से पश्चिम मध्य रेल को और ऊंचाइयों तक ले जायेंगे।

महाप्रबंधक ने हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियां बताई

- ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा मियाना रेलवे स्टेशन को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया।
- पश्चिम मध्य रेल, नागदा से मथुरा तक 549 किलोमीटर रेलखंड पर स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली (ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम) कवच 4.0 स्थापित करने वाला पहला रेलवे जोन बन गया है।
- भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, भोपाल को ग्रीन सर्टिफिकेशन की सर्वोच्च रेटिंग ग्रीन प्लेटिनम रेटिंग से सम्मानित किया गया है।
- अधोसंरचना विकास के अंतर्गत वर्ष 2025 में 16 किमी. लंबाई के कटनी अप ग्रेड सेपरेटर का निर्माण तथा कुल 143 किमी. नई रेल लाइन, दोहरीकरण एवं तिहरीकरण के कार्य पूर्ण किये गये हैं।

इतने अधिकारी, कर्मचारी हुए व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित

आज के इस समारोह में महाप्रबंधक द्वारा व्यक्तिगत तौर पर विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 13 अधिकारियों एवं 40 कर्मचारियों और 02 अधिकारियों एवं 16 रेलकर्मियों को रेल सेवा पुरस्कार से पुरस्कृत किया। इसके अतिरिक्त ओव्हर ऑल इफिसियंसी शील्ड जबलपुर मंडल को प्राप्त हुई.

24 विभागीय दक्षता शील्ड इन विभागों को मिली

लेखा विभाग - कोटा मण्डल, वाणिज्य विभाग - जबलपुर मण्डल,  विघुत विभाग - जबलपुर मण्डल, इंजीनियरिंग विभाग- जबलपुर एवं कोटा मण्डल को सयुक्त, यांत्रिकी विभाग - जबलपुर मंडल, सुरक्षा विभाग - जबलपुर मण्डल, संरक्षा विभाग - कोटा मण्डल, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग - भोपाल मंडल, परिचालन विभाग - जबलपुर मंडल, चिकित्सा विभाग - कोटा मंडल, कार्मिक विभाग - जबलपुर मंडल, भंडार विभाग - ईएलएस/तुगलकाबाद, राजभाषा विभाग - कोटा मंडल,  बेस्ट कैप्ट स्टेशन - भरतपुर स्टेशन (कोटा मंडल), अन्तर मण्डलीय टिकट चेकिंग शील्ड - भोपाल मंडल, बेस्ट रैक अनुरक्षण - गाड़ी क्रमांक 12059 कोटा-निजामुद्दीन एक्सप्रेस (कोटा मण्डल), स्क्रैप मैनेजमेंट विभाग - भोपाल मंडल,  ब्रिज, एलएचएस, एलसी एवं कार्य - कोटा मंडल, ऊर्जा संरक्षण के लिए - जबलपुर मण्डल, बेस्ट रनिंग रूम - (सागर) जबलपुर मंडल, ईएनएचएम विभाग - कोटा मंडल, रेल मदद शील्ड - कोटा मण्डल, पब्लिक रिलेशन शील्ड - भोपाल मण्डल, निर्माण के लिए - भोपाल निर्माण यूनिट, ओव्हर ऑल इफिसियेंसी शील्ड - जबलपुर मंडल को प्रदान की गयी है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-