महाराष्ट्र: मुठभेड़ में 25 लाख का इनामी नक्सली प्रभाकर ढेर, 3 महिलाओं समेत 7 माओवादी मारे गए

महाराष्ट्र: मुठभेड़ में 25 लाख का इनामी नक्सली प्रभाकर ढेर, 3 महिलाओं समेत 7 माओवादी मारे गए

प्रेषित समय :21:01:04 PM / Fri, Feb 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

गढ़चिरौली. महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में तेलंगाना का कुख्यात नक्सली प्रभाकर, जिस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था, मारा गया. पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल सात नक्सली ढेर किए गए हैं.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रभाकर नक्सली संगठन का शीर्ष कैडर नेता था और महाराष्ट्र-तेलंगाना सीमा पर माओवादी गतिविधियों को अंजाम देने में उसकी अहम भूमिका रही है. वह लंबे समय से सुरक्षाबलों की हिटलिस्ट में था और उस पर कई गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल होने के आरोप थे.

कैसे हुई मुठभेड़

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने गडचिरोली के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हुई. कई घंटों तक चली इस कार्रवाई में सात माओवादी मारे गए. मुठभेड़ स्थल से आधुनिक हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि इससे इलाके में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

घायल जवान ने तोड़ा दम, एक खतरे से बाहर

इस बीच नक्सल विरोधी अभियान में घायल होने के बाद सी-60 जवान दीपक चिन्ना मदावी (38), जिनको पहले भामरागड ले जाया गया था, उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. एक अन्य घायल जवान, जोगा मदावी को भी एयरलिफ्ट करके भामरागड ले जाया गया है. पुलिस ने बताया कि वह खतरे से बाहर हैं और उन्हें जल्द ही गढ़चिरोली ले जाया जाएगा. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-