जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रांझी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक 67 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ विश्वासघात किया.
आरोपी महेश चक्रवर्ती और पीडि़ता के पति एक ही सरकारी विभाग में कार्यरत थे और उनके बीच लंबे समय से घनिष्ठ मित्रता थी. इसी मेल-जोल का फायदा उठाते हुए आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, घटना की शुरुआत करीब एक साल पहले हुई थी जब महिला आरोपी के घर प्रसाद देने गई थी. उस वक्त आरोपी घर में अकेला था और उसने महिला की बेबसी का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर आरोपी ने महिला को जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी दी. इसी डर की वजह से आरोपी लगातार महिला का शोषण करता रहा और उसे चुप्पी साधे रखने पर मजबूर किया.
पति के सामने खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीडि़ता के पति को किसी तरह घटना का संदेह हुआ. पति के भरोसे में लेने पर महिला ने अपनी पूरी आपबीती सुनाई. इसके बाद शुक्रवार को दंपत्ति ने रांझी थाने पहुँचकर मामला दर्ज कराया. थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


