कर्नाटक के विजयपुरा जिले में रविवार दोपहर एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रेडबर्ड एविएशन का एक ट्रेनिंग जेट विमान बालेश्वर तालुका के मैंगलोर गांव के पास खेत में गिर गया. इस हादसे में विमान में सवार पायलट और ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान कालबुर्गी क्षेत्र के आसपास हवा में असंतुलित होने लगा. स्थिति बिगड़ती देख पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण खोने के कारण विमान मैंगलोर गांव के पास एक खेत में जा गिरा. हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया.
ईंधन की कमी या तकनीकी खराबी की जांच
दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में ईंधन की कमी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा. रेडबर्ड एविएशन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
फ्लाइट ट्रेनिंग में इस्तेमाल होता था विमान
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान का उपयोग पायलट ट्रेनिंग के लिए किया जाता था. रेडबर्ड एविएशन देश की प्रमुख फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमियों में से एक है, जिसके प्रशिक्षण केंद्र बारामती, बेलगावी और सियोनी में संचालित हैं.
हादसे का शिकार हुआ विमान सेसना 172 एसपी श्रेणी का बताया जा रहा है, जिसमें बेसिक ऑटोपायलट सिस्टम लगा होता है. यह सिस्टम उड़ान के दौरान दिशा नियंत्रण, ऊंचाई बनाए रखने और नेविगेशन में मदद करता है. जांच एजेंसियां यह भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं किसी तकनीकी खराबी ने तो इस हादसे को जन्म नहीं दिया. पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

