भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 25000 से ज्यादा पदों पर युवाओं को मौका

भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 25000 से ज्यादा पदों पर युवाओं को मौका

प्रेषित समय :21:43:44 PM / Fri, Feb 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. देश की सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस भर्ती अभियान के तहत विभिन्न श्रेणियों में 25 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी.

इस भर्ती अभियान के तहत जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क और स्टोरकीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन, सोल्जर फार्मा, सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट और महिला मिलिट्री पुलिस जैसी श्रेणियों में उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. सेना की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार देशभर के युवाओं को इस योजना के माध्यम से सेना में शामिल होने का अवसर मिलेगा.

चयन प्रक्रिया को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा देनी होगी. इसके बाद सफल उम्मीदवारों को भर्ती रैली में शामिल होना पड़ेगा. अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी.

भर्ती के तहत ऑनलाइन परीक्षा 1 जून से 15 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी. परीक्षा सीबीटी मोड में होगी, जिसके लिए उम्मीदवारों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है. परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.

अग्निवीर योजना के तहत चयनित उम्मीदवारों को चार वर्ष तक सेना में सेवा देने का अवसर मिलेगा. सेवा अवधि पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को एक विशेष स्किल सर्टिफिकेट दिया जाएगा. इस प्रमाण पत्र में सेवा के दौरान सीखे गए कौशल और दक्षताओं का पूरा विवरण दर्ज रहेगा, जिससे भविष्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी.

सेना अधिकारियों के अनुसार यह योजना युवाओं को देश सेवा के साथ-साथ अनुशासन, तकनीकी कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देती है. बड़ी संख्या में पद होने के कारण युवाओं में इस भर्ती को लेकर उत्साह देखा जा रहा है.

विशेषज्ञों का कहना है कि आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके.

योग्यता

शैक्षिक योग्यता पदों के आधार पर 8वीं पास से ग्रेजुएशन तक हैं. कैंडिडेट ज्यादा से ज्यादा 2 चुनी हुई अग्निवीर कैटेगरी के लिए अप्लाई कर पाएंगे.

खास बात ये है कि इन पदों के लिए वे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 10वीं, 12वीं कक्षा का बोर्ड एग्जाम, NIOS और ITI कोर्स दिया है और जो रिजल्ट आने का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन उन्हें अन्य सभी जरूरी योग्यताएं पूरी करनी होगी. हालांकि, ऐसे उम्मीदवारों का चरण फेज II के दौरान ओरिजिनल मार्कशीट दिखाने पर ही चयन किया जाएगा."

उम्र सीमा : 1 जुलाई 2005 और 1 जुलाई 2009 के बीच जन्मे उम्मीदवार अग्निपथ योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं. इसका मतलब है कि इस समय में उनकी उम्र 17.5 साल से 21 साल के बीच होनी चाहिए.

शारीरिक क्षमता

शारीरिक क्षमता की बात करें तो, चेस्ट मेज़रमेंट के लिए योग्यता कम से कम बिना फुलाए 77 cm और फुलाकर लगभग 82 cm है. आवेदक की लंबाई संबंधित श्रेणी की जरूरत के हिसाब से कम से कम 157 cm या 160 cm होनी चाहिए. अगर कैंडिडेट स्कूल, यूनिवर्सिटी, बोर्ड, डिस्ट्रिक्ट, स्टेट या नेशनल लेवल पर “बेहतरीन खिलाड़ी” रहा है, तो चेस्ट मेजरमेंट में 3cm, हाइट मेजरमेंट में 2 cm और वजन में 5 किलोग्राम की छूट दी जाएगी.

आवेदन शुल्क

अग्निवीर भर्ती योजना में शामिल होने के लिए श्रेणी के हिसाब से हर उम्मीदवारा को ₹250 परीक्षा शुल्क देना होगा.

इतना मिलेगा वेतन

चयनित उम्मीदवारों को पहले साल में ₹30,000 से शुरू होने वाली खास तौर पर डिजाइन मासिक वेतन दिया जाएगा, जो ₹10,000 बढ़ जाएगी. हर साल ₹5,000 मिलेंगे और चौथे साल तक यह बढ़कर ₹40,000 हो जाएंगे. सैलरी का लगभग 30% हिस्सा अग्निवीर कॉर्पस फंड में जाएगा. इसका मतलब है कि इन-हैंड सैलरी पहले साल ₹21,000 और चौथे साल ₹28,000 के बीच होगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-