जबलपुर में ट्रांसपोर्ट में रखा था नशे का सिरप, पुलिस ने दबिश देकर जब्त की 4800 बोतल

जबलपुर में ट्रांसपोर्ट में रखा था नशे का सिरप, पुलिस ने दबिश देकर जब्त की 4800 बोतल

प्रेषित समय :15:54:34 PM / Sun, Feb 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कटंगी रोड पर ट्रांसपोर्ट में दबिश देकर करीब 4800  बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद किया है. पुलिस ने मामले में कैशियर सुमित यादव से पूछताछ शुरु कर दी है.

माढ़ोताल थानाप्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि   खबर मिली कि कटंगी रोड स्थित वीआरएल ट्रांसपोर्ट में भारी मात्रा में नशे के लिए उपयोग होने वाली प्रतिबंधित कफ सिरप रखी हुई थी. जिसपर पुलिस की टीम ने दबिश दी. जांच के दौरान ट्रांसपोर्ट के कैशियर सुमित यादव से पूछताछ की गई और बिलबिल्टी और जीएसटी इनवॉइस की जांच की गई. दस्तावेजों से पता चला कि देहरादून की एक फर्म से कफ सिरप के 40 कार्टून दमोह जिले के एक मेडिकल स्टोर के नाम पर बुक किए गए थे.

इस खेप की डिलीवरी 16 फरवरी को होनी थी लेकिन पुलिस ने निर्धारित समय से पहले ही इसे जब्त कर लिया. ड्रग निरीक्षक देवेंद्र जैन ने बताया कि कोडीन युक्त कफ सिरप का दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा ऐसी दवाओं की बिक्री पर सख्त नियम लागू हैं, और निर्धारित मात्रा से अधिक खरीद-बिक्री प्रतिबंधित है.

पुलिस ने कुल 40 कार्टून में रखी 4800 बोतल कफ सिरप जब्त कर ली है. इस मामले में सुमित यादवए संबंधित मेडिकल फर्म और सप्लायर के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धाराओं के साथ-साथ मप्र ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-