जबलपुर में डॉक्टर के घर से मिला आंगनवाड़ी का पोषाहार, 140 बैग राशन जब्त, मचा हड़कंप

जबलपुर में डॉक्टर के घर से मिला आंगनवाड़ी का पोषाहार, 140 बैग राशन जब्त, मचा हड़कंप

प्रेषित समय :13:08:34 PM / Fri, Mar 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए आवंटित सरकारी पोषाहार का बड़ा जखीरा बरामद किया है. कलेक्टर को प्राप्त हुई एक गोपनीय सूचना के आधार पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के संयुक्त दल ने यह छापेमारी की.

 इस पूरी कार्रवाई के दौरान सरकारी कुआं मरघटाई के समीप स्थित डॉक्टर यादव के निजी आवास से भारी मात्रा में टेक होम राशन जब्त किया गया है. प्रशासनिक टीम जब मौके पर पहुंची तो घर का मुख्य द्वार पूरी तरह बंद पाया गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने नियमानुसार पंचनामा तैयार कराया और ताला तुड़वाकर घर के भीतर प्रवेश किया. मकान के अंदर सघन तलाशी लेने पर वहां बड़ी संख्या में राशन के बोरे व्यवस्थित रूप से रखे मिले. मौके पर की गई गणना के अनुसार कुल 140 बैग सरकारी पोषाहार पाया गया. यह सामग्री मूल रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण के लिए वितरित की जानी थी. एक निजी आवास में इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी सामग्री का अवैध भंडारण मिलने से प्रशासनिक अमले के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग में भी हड़कंप मच गया है.

कड़ी कार्रवाई की तैयारी

शुरुआती पड़ताल में इस पूरे मामले में परिवहनकर्ता की भूमिका को अत्यंत संदिग्ध माना जा रहा है. अधिकारियों का संदेह है कि मुख्य गोदाम से आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते में ही इस सामग्री को अवैध रूप से मोड़कर निजी मकान में डंप किया गया था. प्रशासन अब उन कडिय़ों को जोडऩे में जुटा है जिसके माध्यम से यह सरकारी राशन कालाबाजारी के उद्देश्य से यहां तक पहुंचा. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए राशन को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार जांच की प्रक्रिया पूर्ण होते ही संबंधित जिम्मेदारों और इस अवैध नेटवर्क में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध थाना घमापुर में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-