नर्मदा नदी के जमतरा घाट में डूबे 2 छात्रों का नहीं लगा पता, तलाश जारी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें खोज रही

 नर्मदा नदी के जमतरा घाट में डूबे 2 छात्रों का नहीं लगा पता, तलाश जारी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें खोज रही

प्रेषित समय :11:41:34 AM / Mon, Mar 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर में जमतरा स्थित नर्मदा नदी के तट पर एक हृदयविदारक हादसा हुआ है जिसमें दो छात्र पानी के तेज बहाव में लापता हो गए. घटना के दूसरे दिन भी अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है. स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सोमवार 16 मार्च की सुबह से एक बार फिर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है.

 लापता युवकों की पहचान अंबिकापुर निवासी 22 वर्षीय जॉनी इक्का और अनूपपुर निवासी 22 वर्षीय एडविन जार्ज विंज के रूप में हुई है. जॉनी जबलपुर के सेंट अलायसियस इंजीनियरिंग कॉलेज में अध्ययनरत है और यहीं छात्रावास में रहता था. वहीं उसका मित्र एडविन इंदौर में रहकर पढ़ाई करता है और कुछ दिन पहले ही अपने दोस्त से मिलने जबलपुर आया था.

एसडीआरएफ और पुलिस की विशेष टीमें बचाव कार्य में जुटी 

गत दिवस शाम करीब 3:45 बजे 5 दोस्तों का समूह घूमने के उद्देश्य से जमतरा घाट पहुंचा था. इस समूह में जॉनी और एडविन के साथ आकाश, नितिन और विल्सन भी शामिल थे. घाट पर पहुंचने के बाद आकाश और अनीष ने नदी में उतरने के बजाय किनारे पर ही बैठने का निर्णय लिया जबकि बाकी दोस्त नहाने के लिए पानी में उतर गए. जैसे ही हादसे की सूचना गौर पुलिस चौकी को मिली, तत्काल गोताखोरों और बचाव दल को सक्रिय किया गया. शुक्रवार की शाम अंधेरा होने तक तलाशी ली गई लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद शनिवार और रविवार को भी दिनभर नर्मदा की लहरों के बीच खोजबीन जारी रही. सोमवार को बचाव दल ने नई रणनीति के साथ नदी के निचले इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी है ताकि लापता छात्रों का सुराग मिल सके.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-