सांसद ने मैहर में गरीब रथ का स्टॉपेज, चित्रकूट में वंदे भारत और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का काम जल्द शुरू करने संसद में की डिमांड

 सांसद ने मैहर में गरीब रथ का स्टॉपेज, चित्रकूट में वंदे भारत और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का काम जल्द शुरू करने संसद में की डिमांड

प्रेषित समय :14:50:52 PM / Tue, Mar 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सतना. मध्य प्रदेश के सतना से लोकसभा सांसद गणेश सिंह ने सतना और विंध्य-बुंदेलखंड क्षेत्र से जुड़े रेलवे के विभिन्न मुद्दों को संसद में उठाया. उन्होंने करीब 22 मिनट तक क्षेत्र के विकास और रेलवे परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं.

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय रेल की आय, खर्च और परियोजनाओं में तेजी आई है. उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2014 के बाद रेल हादसों में उल्लेखनीय कमी आई है, जो रेलवे की बेहतर व्यवस्था का परिणाम है.

सतना स्टेशन के विकास में तेजी की मांग

सांसद ने कहा कि सतना रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय स्टेशन बनाने का कार्य चल रहा है, लेकिन इसकी गति अपेक्षाकृत धीमी है. उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि इस परियोजना में तेजी लाई जाए ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. इसके अलावा उन्होंने स्टेशन के पास प्रस्तावित लगभग 10 एकड़ जमीन पर बनने वाले कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का काम भी जल्द शुरू कराने की मांग की.

माल गोदाम शिफ्ट करने की मांग

सांसद ने शहर के बीच स्थित माल गोदाम से होने वाली ट्रैफिक जाम की समस्या का भी उल्लेख किया. उन्होंने सुझाव दिया कि माल गोदाम को कैमा रेलवे स्टेशन पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए, जिससे शहर में यातायात की समस्या कम हो सके.

नई रेल लाइन और ट्रेनों की मांग

सांसद गणेश सिंह ने ललितपुर-सिंगरौली रेल मार्ग के अधूरे हिस्सों को जल्द पूरा करने की मांग भी रखी. उन्होंने कहा कि यह रेल मार्ग विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसके साथ ही उन्होंने मैहर रेलवे स्टेशन पर गरीब रथ ट्रेन का ठहराव देने और वंदे भारत एक्सप्रेस को रीवा-सतना-चित्रकूट-कानपुर होते हुए दिल्ली तक चलाने की मांग भी लोकसभा में रखी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-