झारखंड प्रदेश के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका भवानी मंदिर में आस्था का अद्भुत संगम

झारखंड प्रदेश के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका भवानी मंदिर में आस्था का अद्भुत संगम

प्रेषित समय :19:32:15 PM / Fri, Mar 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अनिल मिश्र/रांची 

झारखंड प्रदेश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर रजरप्पा में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधिपूर्वक पूजा, अर्चना के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ. मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया.अहले सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं. रामगढ़ समेत आसपास के जिलों और दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे भक्त मां के दर्शन के लिए घंटों इंतजार करते दिखे. भक्तों के चेहरों पर आस्था, विश्वास और उत्साह साफ झलक रहा थाl वहीं “जय माता दी” के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा.वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुजारियों ने मां शैलपुत्री की विशेष पूजा संपन्न कराई.

श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, फूल-माला और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की. मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा. चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह हवन और विशेष पूजा-अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं. हवन कुंडों में आहुति देने के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ इन अनुष्ठानों में भाग लेकर शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की कामना कर रहे हैं.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई हैl वहीं साफ-सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.नवरात्रि के नौ दिनों तक रजरप्पा सिद्ध पीठ मंदिर में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी. जैसे-जैसे पर्व आगे बढ़ेगा, श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही हैl जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण और अधिक प्रगाढ़ होता जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-