कानपुर-लखनऊ के बीच अगले 42 दिन मुश्किल, 56 ट्रेनें प्रभावित, 14 निरस्त, मेगा ब्लॉक, शताब्दी-वंदे भारत भी डायवर्ट

कानपुर-लखनऊ के बीच अगले 42 दिन मुश्किल, 56 ट्रेनें प्रभावित, 14 निरस्त, मेगा ब्लॉक, शताब्दी-वंदे भारत भी डायवर्ट

प्रेषित समय :17:18:10 PM / Fri, Apr 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कानपुर. यूपी के कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अगले छह हफ्तों तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा. कानपुर-उन्नाव के बीच गंगा पुल (ब्रिज नंबर 110) की मरम्मत के चलते रेलवे ने 2 अप्रैल से 13 मई 2026 तक 42 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया है. इस दौरान रोजाना सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 8 घंटे काम होगा, जिससे 56 ट्रेनें या तो रद्द रहेंगी या उनके रूट बदल दिए जाएंगे.

शुक्लागंज और गंगाघाट के बीच स्थित यह पुल करीब 118 साल पुराना है. डाउन लाइन पर सुरक्षा के लिहाज से मरम्मत जरूरी हो गई थी. इस दौरान पुराने स्लीपर हटाकर उनकी जगह आधुनिक स्टील के एच-बीम लगाए जाएंगे. साथ ही कमजोर पटरियों और लोहे की चादरों को भी बदला जाएगा. रेलवे के अनुसार, काम पूरा होने के बाद ट्रैक ज्यादा मजबूत होगा और ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ेगी.

14 ट्रेनें रद्द, कई का रूट बदला

मेगा ब्लॉक का असर 56 ट्रेनों पर पड़ा है, जिनमें से 14 को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है. झांसी-लखनऊ मेमू, कानपुर-लखनऊ मेमू और आगरा-लखनऊ इंटरसिटी जैसी ट्रेनें रद्द रहने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भारी दिक्कत होगी. वहीं स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस और अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों को गाजियाबाद, मुरादाबाद और प्रयागराज के रास्ते डायवर्ट किया गया है. करीब 10 ट्रेनों को कानपुर सेंट्रल तक ही सीमित कर दिया गया है, यानी वे लखनऊ नहीं जाएंगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-