जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर से अपने पिता के साथ माता वैष्णो देवी धाम जा रहे एक युवक की मंगलवार 7 अप्रैल की अपरान्हद ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना प्लेटफार्म नंबर 3 की है. हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों की भीड़ जमा हो गई.
मृतक की पहचान अभिषेक चौधरी के रूप में हुई है, जो अपने पिता और अन्य परिजनों के साथ जबलपुर से मां वैष्णो देवी धाम के दर्शन के लिए जा रहा था. वह मंगलवार की सुबह जबलपुर से कटरा जाने वाली ट्रेन संख्या 11449 नंबर की ट्रेन में पिता व अन्य रिश्तेदारों के साथ खुशी-खुशी सवार हुआ था. बताया जा रहा है कि ट्रेन ग्वालियर स्टेशन पर कुछ समय के लिए रुकी थी, इसी दौरान अभिषेक बाथरूम जाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गया.
इसी बीच अचानक ट्रेन के चलने या अन्य ट्रेन की आवाजाही के दौरान वह असंतुलित होकर पटरी पर आ गया और ट्रेन की चपेट में आ गया. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


