जबलपुर : पाटन में प्रॉपर्टी विवाद में गोली चली, 10 बदमाशों ने किया प्राणघातक हमला

जबलपुर : पाटन में प्रॉपर्टी विवाद में गोली चली, 10 बदमाशों ने किया प्राणघातक हमला

प्रेषित समय :13:20:54 PM / Fri, Apr 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत नुनसर में संपत्ति विवाद के चलते एक व्यक्ति पर घातक हमला किया गया है. ग्राम सूखा के रहने वाले 45 वर्षीय ठाकुर दास पटेल जब आगासौद से वापस अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी बेनीखेड़ा पेट्रोल पंप के समीप पूर्व से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया. 

हमलावरों की संख्या 8 से 10 बताई जा रही है, जिनमें एक महिला भी शामिल थी. बदमाशों ने सबसे पहले ठाकुर दास की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उन्हें पूरी तरह असहाय कर दिया. इसके बाद उन पर चाकुओं से कई वार किए गए और अंत में गोली मार दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

घायल की हालत गम्भीर

घायल को तत्काल उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार पीडि़त की स्थिति चिंताजनक है क्योंकि गोली अभी भी शरीर के भीतर ही फंसी हुई है. घायल ने अपने बयान में ठाकुर प्रसाद, दीपक, गोपाल, वंदना सिंह, बृजलाल, अर्जुन और सिद्धार्थ दुबे सहित अन्य साथियों पर इस कृत्य का आरोप लगाया है. पीडि़त के अनुसार इन सभी व्यक्तियों के साथ उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. नुनसर चौकी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-