जबलपुर। एमपी के जबलपुर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सिविक सेंटर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जेडीए मार्केट स्थित दिलखुश रेस्टोरेंट का निरीक्षण कियाए जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान दिलखुश रेस्टोरेंट में खुले बर्तनों में पका हुआ भोजन रखा मिला। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ संग्रहित किया जा रहा था। रसोई में गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन का निर्माण एवं भंडारण पाया गया। इन अनियमितताओं के कारण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत रेस्टोरेंट का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पंजीयन बहाल होने तक दिलखुश रेस्टोरेंट में भोजन निर्माण और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसी दौरानए जेडीए बिल्डिंग सिविक सेंटर में संचालित डोसा क्रश का भी निरीक्षण किया गया। जांच में पता चला कि यह प्रतिष्ठान बिना खाद्य पंजीयन के संचालित हो रहा था। विभाग ने संचालक को तत्काल खाद्य कारोबार बंद करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आवश्यक पंजीयन प्राप्त करने के बाद ही डोसा क्रश को दोबारा संचालन की अनुमति दी जाएगी।
जबलपुर के सिविक सेन्टर में दिलखुश का लाइसेंस सस्पेंड, डोसा क्रश भी बंद कराया, गंदगी मिलने पर खाद्य विभाग की कार्रवाई
प्रेषित समय :03:11:48 AM / Fri, Apr 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




