जोधपुर. गर्मी के मौसम को देखते हुए सोमवार 13 अप्रैल से प्रदेश की सभी अदालतों में आज से नया कार्य समय शुरू हो गया है. आगामी 28 जून तक हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ, जयपुर खंडपीठ और सभी अधीनस्थ न्यायालयों में ग्रीष्मकालीन समय सारिणी लागू रहेगी.
हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राजस्थान हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य अब सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा. न्यायाधीशों के लिए सुबह 10:30 से 11 बजे तक आधे घंटे का मध्यावकाश (ब्रेक) निर्धारित किया गया है. वहीं, हाईकोर्ट रजिस्ट्री और कार्यालयों का समय सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक रहेगा. कार्यालय कर्मचारियों के लिए सुबह 10:30 से 10:45 बजे तक 15 मिनट का ब्रेक रहेगा.
निचली अदालतों का नया टाइम-टेबल
हाईकोर्ट के साथ-साथ जिला एवं सेशन न्यायालयों सहित सभी अधीनस्थ न्यायालयों के समय में भी आज से परिवर्तन लागू हो गया है. इन अदालतों में मुकदमों की सुनवाई सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक की चलेगी. अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कार्य के दौरान सुबह 10 से 10:15 बजे तक 15 मिनट का ब्रेक रहेगा. इसके अलावा, इन अदालतों के कार्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है, जिसमें सुबह 10 से 10:15 बजे तक मध्यावकाश रखा गया है.
पीठासीन अधिकारियों के लिए चेंबर वर्क के निर्देश
आदेश के अनुसार पीठासीन अधिकारियों के लिए चेंबर में बैठकर आदेश लिखवाने और प्रशासनिक कार्यों को निपटाने हेतु स्पष्ट समय आवंटित किया गया है. अधीनस्थ न्यायालयों के जज सुबह सुनवाई शुरू होने से पहले 7:30 बजे से 8 बजे तक और दोपहर में सुनवाई समाप्त होने के बाद 12:30 बजे से 1 बजे तक चेंबर में कार्य करेंगे. यह विशेष व्यवस्था 28 जून 2026 तक निरंतर प्रभावी रहेगी.
Source : palpalindia
ये भी पढ़ें :-
राजस्थान : अदालतों में गर्मी का नया टाइम-टेबल, 28 जून तक सुबह 8 बजे से होगी सुनवाई, 15 मिनट का ब्रेक रहेगा
प्रेषित समय :10:36:20 AM / Mon, Apr 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


