तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी. अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने ईरान के बंदरगाहों से निकलने की कोशिश कर रहे 13 जहाजों को वापस लौटा दिया. अमेरिकी सेना ने ईरान के समुद्री इलाके में नाकाबंदी कर रखी है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक इस नाकाबंदी के बाद अब तक कोई भी जहाज इसे पार नहीं कर पाया है.
ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने नाकाबंदी नहीं हटाई, तो वह खाड़ी इलाके में व्यापार को बाधित कर सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि आज इजराइल और लेबनान के नेता जंग खत्म करने पर सीधे बातचीत करेंगे. यह पिछले 34 साल में दोनों देशों के बीच पहली सीधी बातचीत होगी. इजराइल और लेबनान के नेता आखिरी बार 1991 में मैड्रिड कॉन्फ्रेंस में आमने-सामने बैठे थे. अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर ने एक ईरानी जहाज को रोक लिया और उसे वापस भेज दिया. अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर एक ईरानी जहाज को रोक लिया और उसे वापस भेज दिया.
अमेरिका-ईरान शांति समझौते के करीब पहुंचे-
अमेरिका और ईरान 21 अप्रैल को खत्म हो रहे सीजफायर से पहले समझौते के करीब पहुंच रहे हैं. अमेरिकी मीडिया के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ी है, हालांकि कुछ मतभेद अब भी बाकी हैं. इस बीच तेहरान में ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बैठक होगी. मुनीर पहले ही ईरान पहुंचकर विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात कर चुके हैं और वे अमेरिकी संदेश लेकर गए हैं. पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं. उधर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ मिलकर बातचीत और ड्राफ्ट प्रस्ताव साझा कर रहे हैं. अधिकारियों के मुताबिक, डील के लिए सीजफायर को बढ़ाया जा सकता है, हालांकि अमेरिका ने अभी औपचारिक सहमति नहीं दी है.
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स-
-अमेरिका ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी के बाद 48 घंटे में कोई जहाज ईरानी पोर्ट नहीं पहुंचा, जबकि 9 जहाज लौटा दिए गए.
-ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो वह रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ में समुद्री व्यापार रोक देगा.
-लेबनान में इजराइली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,167 हो गई, जबकि 7,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
-अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर बातचीत में प्रगति के संकेत मिले हैं. 21 अप्रैल से पहले समझौते की कोशिश जारी है और पाकिस्तानी डेलिगेशन तेहरान पहुंचा है.
-इजराइल ने दावा किया कि उसने 24 घंटे में दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के 200 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है.
हेगसेथ बोले- ईरान ने डील नहीं मानी तो फिर जंग शुरू होगी-
पीट हेगसेथ ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने प्रस्तावित डील को नहीं माना, तो अमेरिका फिर से युद्ध शुरू करेगा. हेगसेथ ने कहा कि ईरान के पास समझौता करने का विकल्प है, लेकिन अगर उसने इसे ठुकराया तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करेगा. उन्होंने बताया कि अमेरिकी फोर्सेस इस तरह तैनात हैं कि वे किसी भी समय कॉम्बैट ऑपरेशन फिर से शुरू कर सकती हैं.
अमेरिकी रक्षामंत्री बोले- ईरान पर नाकाबंदी जारी रहेगी-
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा. उन्होंने साफ किया कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता. हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका इस नाकेबंदी को खत्म करने की जल्दबाजी में नहीं है.
पोप लियो बोले- कुछ तानाशाह दुनिया को तबाह कर रहे-
कैमरून दौरे पर पोप लियो ने कहा कि दुनिया कुछ तानाशाहों के हाथों तबाह हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि युद्ध पर अरबों डॉलर खर्च हो रहे हैं, जबकि इलाज, शिक्षा और पुनर्निर्माण के लिए संसाधन नहीं मिल रहे. पोप लियो ने कहा कि युद्ध को बढ़ावा देने वाले यह मानने से इनकार करते हैं कि तबाही में एक पल लगता है, लेकिन उसे दोबारा बनाने में पूरी जिंदगी भी कम पड़ जाती है.
इजराइली सेना ने लेबनान में पुल उड़ाया-
इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में एक अहम पुल को एयर स्ट्राइक कर उड़ा दिया. यह पुल टायर और सिडोन के बीच आखिरी कनेक्टिविटी था. लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजराइली विमानों ने कासमियेह ब्रिज पर लगातार दो हमले किए, जिससे पुल पूरी तरह ध्वस्त हो गया. यह पुल टायर और सिडोन के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग था. इसके नष्ट होने से दोनों इलाकों के बीच कनेक्टिविटी प्रभावित होने की आशंका है. कासमियेह ब्रिज क्षेत्र में सप्लाई और मूवमेंट के लिहाज से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण था. इसके टूटने से स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक्स पर असर पड़ सकता है.
ईरानी दूतावास ने ट्रम्प का मजाक बनाया-
ईरान के ताजिकिस्तान वाले दूतावास ने एक वीडियो जारी किया जिसमें राष्ट्रपति ट्रम्प के एक पुराने पोस्ट का मजाक उड़ाया गया. ट्रम्प ने खुद को जीसस के रूप में दिखाते हुए एक पोस्ट की थी, जिसे आलोचना के बाद डिलीट कर दिया गया. दूतावास का पोस्ट इसी का जवाब है. इसमें जीसस ट्रम्प को नरक की आग में ढकेल रहे हैं.
चीन ने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट खोलने को कहा-
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची से होर्मुज स्ट्रेट में आवागमन फिर से शुरू करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री रास्ते का खुला रखना सभी देशों के हित में है. वांग यी ने कहा कि एक तरफ होर्मुज में ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन दूसरी तरफ इस रास्ते से जहाजों के सुरक्षित और स्वतंत्र आवागमन की भी गारंटी जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि चीन संघर्ष विराम बनाए रखने और बातचीत फिर से शुरू करने का समर्थन करता है.

