जशपुरनगर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आयोजित ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम ने विज्ञान के प्रति बच्चों में नई जिज्ञासा और उत्साह भर दिया. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की इस विशेष मोबाइल प्रदर्शनी का आयोजन रणजीता स्टेडियम में किया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया.
कार्यक्रम की सबसे खास बात तब देखने को मिली जब शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं—अंशु पासवान, भूमिका डाहरे और सारिका साहनी—ने आत्मविश्वास के साथ मुख्यमंत्री को चंद्रयान और मंगलयान सहित विभिन्न अंतरिक्ष तकनीकों की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाई. बच्चों की इस प्रस्तुति से पूरा वातावरण उत्साह और गर्व से गूंज उठा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और ज्ञान की सराहना करते हुए कहा कि ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ जैसे कार्यक्रम दूरस्थ क्षेत्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक आज के विकास की आधारशिला हैं और ऐसे प्रयास बच्चों को नवाचार की दिशा में आगे बढ़ाते हैं.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 17 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और उन्हें ‘मैजिक ऑफ नाइट स्काई’ पुस्तिका भी वितरित की. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रही.
उल्लेखनीय है कि ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम जिले में ‘अन्वेषण’ पहल के तहत संचालित किया जा रहा है, जो 14 दिनों तक विभिन्न स्कूलों में पहुंचेगा. इस अभियान से 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है.
यह मोबाइल प्रदर्शनी एक विशेष बस के रूप में तैयार की गई है, जिसमें पीएसएलवी, जीएसएलवी, रॉकेट, उपग्रह, संचार और नेविगेशन तकनीकों के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं. ऑडियो-विजुअल माध्यम और लाइव डेमो के जरिए छात्रों को जटिल अंतरिक्ष विज्ञान को बेहद आसान तरीके से समझाया जा रहा है.
‘स्पेस ऑन व्हील्स’ न केवल एक प्रदर्शनी है, बल्कि यह ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों के लिए विज्ञान की दुनिया के दरवाजे खोलने वाला अभियान बन गया है, जो उन्हें भविष्य में विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

