रायपुर, 18 अप्रैल 2026.
छत्तीसगढ़ की उभरती कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया. यह राज्य में किसी खिलाड़ी को दी गई अब तक की सबसे बड़ी सम्मान राशि है. यह सम्मान अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया. इस अवसर पर बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को कबड्डी मैट भी भेंट किया गया.
संजू देवी ने अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित किया है. नवंबर 2025 में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्व कप में उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया था. फाइनल मुकाबले में भारत के कुल 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू ने हासिल किए थे, जिससे टीम को जीत मिली. सेमीफाइनल और अन्य मुकाबलों में भी उनके प्रदर्शन ने भारत को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
संजू राज्य की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने मार्च 2025 में ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी भारत के लिए खेलते हुए स्वर्ण पदक जीतने में योगदान दिया.
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार से आने वाली 23 वर्षीय संजू एक श्रमिक परिवार से हैं. वे जुलाई 2023 से बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं. सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और मानसिक मजबूती के दम पर यह मुकाम हासिल किया.
सम्मान समारोह में विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को भी दोहराया गया. अरुण साव ने कहा कि संजू जैसी प्रतिभाएं राज्य के लिए गौरव हैं और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है.
संजू देवी की यह सफलता न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर लड़कियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि बड़े स्तर पर सफलता के लिए मानसिक रूप से मजबूत होना बेहद जरूरी है और लगातार मेहनत ही सफलता की कुंजी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

