जबलपुर। तिलवारा रेलवे स्टेशन के पास लोडिंग पिकअप वाहन ने मोटरसाइकल सवार रवि पटेल को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में रवि पटेल के सिर पर गंभीर चोटेें आई, जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर इलाज के दौरान रवि पटेल की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ है जब वह शादी के कार्ड बांटने के लिए निकले थे।
पुलिस के अनुसार शारदा मंदिर टेमर भीटा निवासी रवि पटेल उम्र 51 वर्ष के घर में शादी कार्यक्रम था, जिसके चलते रवि पटेल बीती दोपहर के वक्त रिश्तेदारी में कार्ड बांटने के लिए मोटर साइकल से भेड़ाघाट गए थे। रवि पटेल कार्ड बांटते हुए जब तिलवारा रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। इस दौरान पीछे से आए लोडिंग पिकअप क्रमांक एमएच 40 सीटी 5403 के चालक ने टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर लगते ही रवि पटेल बाइक सहित सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए वाहन निकल गया। हादसे में रवि पटेल के सिर में गंभीर चोटें आई। राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रवि को मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर परिजनों को खबर दी। देर रात तीन बजे के लगभग रवि पटेल की उपचार के दौरान मौत हो गई। रवि पटेल की मौत से घर में शादी की चहल पहल मातम में बदल गई। रिश्तेदारों से लेकर परिजन मौके पर पहुंच गए, जिन्होने रवि पटेल को इस हालत में देखा तो फूट-फूटकर रोए। वहीं पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पिकअप वाहन के चालक की तलाश शुरु कर दी है।
जबलपुर में पिकअप वाहन के कुचलने से बाइक सवार की मौत, शादी के कार्ड बांटने निकले थे
प्रेषित समय :17:49:24 PM / Mon, Apr 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





