जबलपुर. शहर में देर रात एक तेज रफ्तार कार ने चौराहे पर खड़े बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
घटना धनवंतरी चौक की है, जहां बुधवार रात करीब 12:30 बजे कुछ युवक अपनी बाइक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान गढ़ा की ओर से तेज रफ्तार में आई सफेद कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर और गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नशे में धुत था चालक, दीवार से टकराई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और करीब 50 मीटर तक आगे बढ़ती रही. इसके बाद वह एक दीवार से टकराकर रुकी. इस दौरान चौराहे पर खड़े चार युवक और उनकी बाइक कार की चपेट में आ गए. मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया. लोगों के अनुसार वह शराब के नशे में इतना धुत था कि ठीक से बात भी नहीं कर पा रहा था. पूछताछ में उसने बताया कि कार कठुंदा निवासी अरविंद चौधरी की है और वह बुकिंग में गाड़ी चलाता है. घटना के समय वह शराब पीकर घर लौट रहा था.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक गणेश प्रसाद कुमार निवासी अधारताल महाराजपुर अपने बेटे शुभम के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने धनवंतरी नगर आया था. खुशियों के माहौल के बीच वे प्यास लगने पर सड़क किनारे पानी लेने के लिए रुके थे. जैसे ही वे खड़े हुए सामने से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार एमपी 20 जेडबी 2934 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. आरोपी चालक किशन चौधरी निवासी कठोन्दा को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है.
कार अरविंद चौधरी के नाम पर पंजीकृत है. जिसे क्रेन की मदद से थाने पहुंचाया गया है और आगे जांच की जा रही है. घायल हुए शुभम कुमार को तुरंत एंबुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, पुलिस दूसरे मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है. गढ़ा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


