जबलपुर में मंदिर की जमीन को लेकर दो पक्षों में टकराव, नगर निगम की टीम ने हटाया टपरा

जबलपुर में मंदिर की जमीन को लेकर दो पक्षों में टकराव, नगर निगम की टीम ने हटाया टपरा

प्रेषित समय :17:49:06 PM / Thu, Apr 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में महात्मा गांधी वार्ड में राम मंदिर के पास मंदिर समिति की जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है. एक पक्ष की सावित्री ठाकुर का दावा है कि वे 30-40 सालों से यहां चाट का टपरा लगाकर व्यापार कर रही हैं. वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि उन्होंने मंदिर की जमीन पर कब्जा किया है और वे केवल 5-6 साल पहले ही यहां आई हैं.

नगर निगम ने सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों के आधार पर देर रात कार्रवाई करते हुए विवादित टपरा हटा दिया. सावित्री ठाकुर और उनके परिवार ने इस कार्रवाई के पीछे कांग्रेस पार्षद हर्षित यादव का हाथ होने का आरोप लगाया है. स्थानीय रहवासी निकिता ठाकुर ने शिकायत में कहा था कि टपरे पर काम करने वाले युवक महिलाओं से अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है.

प्रशासन ने इसी आधार पर कार्रवाई की बात कही है. विवाद को लेकर दोनों पक्ष नगर निगम पहुंचे और अपना-अपना पक्ष रखा. सावित्री ठाकुर अपने परिवार के साथ निगम गेट पर तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गईं. नगर निगम प्रशासन ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं. बताया गया है कि 3 से 4 दिन में रिपोर्ट आ जाएगी. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-