जबलपुर. एमपी के जबलपुर में संजय नगर रांझी क्षेत्र में आज सुबह आठ बजे के लगभग नकाबपोश मोटर साइकल सवार बदमाशों ने सिविल इंजीनियर क्लेरिंस उर्फ राजा को गोली मार दी, सिर में गोली लगते ही क्लेरिंस गिर गए. हमला होते देख राह चलते लोगों में भगदड़ मच गई. क्लेरिंस को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डाक्टरों ने ब्रेनडेड घोषित कर दिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सिविल इंजीनियर क्लेरिंस आज सुबह 8 बजे के लगभग अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर मोटर साइकल से घर के लिए निकले. जब संजय नगर से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाश आए और चलती बाइक में क्लेरिंस को सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही क्लेरिंस बाइक सहित गिरकर घिसटते चले गए. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए, देखा तो क्लेरिंस खून से लथपथ सड़क पर पड़े है.
खबर मिलते ही छोटा भाई रोनाल्ड सहित अन्य परिजन पहुंच गए, वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने क्लेरिंस को उठाकर मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने भरती कर सिर में फंसी गोली निकालने सर्जरी शुरु कर दी. वहीं पुलिस को पूछताछ में भाई ने बताया कि क्लेरिंस की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, उन्हे गोली क्यों मारी गई समझ से परे है. खबर है कि डाक्टरों ने क्लेरिंस को ब्रेनडेड घोषित कर दिया है. वहीं दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों ने नकाबपोश हमलावरों को पकडऩे के लिए शहर भर में नाकाबंदी शुरु कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

