जबलपुर: नर्मदा नदी के बरगी नहर में डूबी तीसरी किशोरी का शव मिला, रील बनाने के दौरान 3 की हुई है मौत

जबलपुर: नर्मदा नदी के बरगी नहर में डूबी तीसरी किशोरी का शव मिला, रील बनाने के दौरान 3 की हुई है मौत

प्रेषित समय :14:48:12 PM / Fri, Apr 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रील बनाने के दौरान जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा में नर्मदा नदी के तेज बहाव में बहने वाली तीनों युवतियों की मौत हो गई है. शुक्रवार 24 अप्रैल को तीसरी युवती 18 वर्षीय तनु पटेल का शव भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर में उतराते हुए बरामद कर लिया गया. इससे पहले गुरुवार को दो अन्य किशोरियों के शव मिल चुके थे.

जानकारी के अनुसार, गौर निवासी पटेल परिवार की पांच लड़कियां सालीवाड़ा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं. गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे सभी नहर किनारे पहुंचीं, जहां चार लड़कियां पानी में उतरकर नहा रही थीं, जबकि एक किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रही थी. इसी दौरान नहर के तेज बहाव ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया.

मौके पर मौजूद लड़की ने साहस दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन लड़कियां बह गई. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और होमगार्ड का गोताखोर दल मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद किए गए थे, जबकि तनु पटेल की तलाश जारी थी.

24 घंटे बाद मिला तनु का शव

हादसा के 24 घंटे बाद शुक्रवार को तनु का शव भी नहर में उतराते मिला, जिसके बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए. बच्चियों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-