जबलपुर. शहर के अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर व्हीकल मोड़ स्थित शराब दुकान के पास गुरुवार 23 अप्रैल की रात को एक युवक पर प्राणघातक हमला होने का मामला सामने आया है. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक वेलकम कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अभिषेक पाण्डे ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पेशे से फोटोग्राफर है. वह रात करीब 11:10 बजे किराना सामान लेने निकला था और रास्ते में अपने दोस्त से बातचीत कर रहा था. इसी दौरान वहां शुभम मिश्रा अपने 2 साथियों के साथ पहुंचा और बिना किसी ठोस कारण के गाली-गलौज करने लगा.
जब अभिषेक ने इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी. विवाद गहराने पर शुभम मिश्रा ने अभिषेक के पेट पर चाकू से वार किया, लेकिन अभिषेक के मुडऩे के कारण हमला उसकी जांघ पर लगा.
वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. पुलिस ने शुभम मिश्रा और उसके साथियों के विरुद्ध धारा 296(बी), 109, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उनकी तलाश तेज कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

