देवास. इंदौर-भोपाल मार्ग स्थित नेवरी फाटा क्षेत्र में खाटू श्याम मंदिर के समीप शनिवार को अज्ञात कारणों के चलते झोपडिय़ों में आग लग गई. एक के बाद एक झोपडिय़ां चपेट में आती गई. घास फूस और लकडिय़ों से बनी होने के कारण आग विकराल होती गई. झोपडिय़ां कुछ ही देर में जल गई. आधा दर्जन से अधिक झोपडिय़ां जलने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है.
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है लेकिन बताया जा रहा है कि पास ही खेत में नरवाई जलाई गई थी जिससे आग झोपडिय़ों तक फैली. आग लगने की सूचना मिलने के बाद सोनकच्छ और भौरासा नगर परिषद क्षेत्र से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका तब तक गृहस्थी का सामान, खाने-पीने की सामग्री, कपड़े, बर्तन आदि जल गए.
डेढ़ लाख रुपए जलने की खबर
वहीं एक-दो झोपड़ी में रखे डेढ़ लाख रुपए से अधिक जलने की भी जानकारी सामने आई है. घटना के बाद पीड़ित परिवार दोपहर करीब 3 बजे भौरासा थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, जले हुए नोट भी दिखाए गए. अधिकांश लोग करीब दो दशक पहले से यहां झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं और गांव-गांव जाकर साबुन, सोडा, प्लास्टिक के सामान आदि की बिक्री करते हैं.

