जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित ग्वारीघाट क्षेत्र में आज उस वक्त तनाव का माहौल बन गया, जब एक घर में चल रहे कार्यक्रम को लेकर महिला पर धर्मान्तरण का आरोप लगाए गए. हिन्दू संगठन के लोगों ने महिला पर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया. इस घटना के बाद मौके पर माहौल गरमा गया और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
बताया गया है कि ग्वारीघाट क्षेत्र में एक घर में आज सुबह कुछ लोग एकत्र हुए, इस बात की खबर मिलते ही हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता एकत्र हो गए, जिन्होने उस घर में उपस्थित महिला व अन्य दो लोगों पर धर्मान्तरण कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही ग्वारीघाट थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
भीड़ को तितर-बितर करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने एहतियाती तौर पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते लोगों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी.
वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस टीम द्वारा आरोप लगाने वाले पक्ष और संबंधित परिवार, दोनों से अलग-अलग जानकारी जुटाई जा रही है. इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति क्या रही.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

