रायपुर/दुर्ग/बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग और बिलासपुर में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई से व्यापारिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है.
दुर्ग शहर में ईडी की टीम ने अमर इंफ्रा के डायरेक्टर और बीजेपी नेता चतुर्भुज राठी के महेश कॉलोनी स्थित निवास और कार्यालय पर दबिश दी. यहां टीम कंपनी से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है. इसके अलावा भिलाई-3 के विश्वदीप कॉलोनी निवासी गोविंद मंडल के घर और फैक्ट्री में भी जांच जारी है.
वहीं बिलासपुर में ईडी ने सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और सदर बाजार स्थित श्रीराम ज्वेलर्स में छापा मारकर कागजातों की पड़ताल शुरू की है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सुबह से लगातार जारी है और टीम महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाल रही है.
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई कथित शराब घोटाले के फरार आरोपी विकास अग्रवाल से जुड़े नेटवर्क की जांच के तहत की जा रही है. विकास अग्रवाल पर करीब दो हजार करोड़ रुपये के सिंडिकेट से जुड़े होने का आरोप है और वह फिलहाल फरार है. जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस मामले के तार शराब कारोबारी अनवर ढेबर से भी जुड़े बताए जा रहे हैं. साथ ही, भारतमाला परियोजना से संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है.
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

