मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘अविस्मरणीय यात्रा’ पुस्तक का किया विमोचन, महिला पत्रकारों ने जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘अविस्मरणीय यात्रा’ पुस्तक का किया विमोचन, महिला पत्रकारों ने जताया आभार

प्रेषित समय :16:28:17 PM / Fri, May 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकार श्रीमती नीरा साहू द्वारा लिखित पुस्तक ‘अविस्मरणीय यात्रा’ का विधिवत विमोचन किया. यह पुस्तक गुजरात की यात्रा पर आधारित एक विस्तृत यात्रा-वृत्तांत है, जिसमें सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ शामिल हैं.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लेखिका की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनाएँ न केवल साहित्य को समृद्ध करती हैं, बल्कि पाठकों को नए स्थानों और अनुभवों से जोड़ने का कार्य भी करती हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक पर्यटन प्रेमियों और यात्रियों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगी.

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र एवं पारित शासकीय संकल्प के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया.

मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों के अध्ययन भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक अनुभव पत्रकारिता के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और समाज के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ाते हैं.

कार्यक्रम में सुश्री निशा द्विवेदी, सुश्री चित्रा पटेल, सुश्री लवलीना शर्मा, जनसंपर्क विभाग की उप संचालक डॉ. दानेश्वरी संभाकर, सहायक संचालक सुश्री संगीता लकड़ा तथा सुश्री आमना खातून सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-