छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल प्रभावित इलाके में हुए IED ब्लास्ट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है. यह घटना कांकेर-नारायणपुर सीमा के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब सुरक्षाबलों की टीम तलाशी अभियान और डी-माइनिंग ऑपरेशन पर निकली थी.
मिली जानकारी के अनुसार, जवान इलाके में छिपाए गए बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया. इस धमाके में चार जवान घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन ने दम तोड़ दिया.
शहीद जवानों की पहचान DRG प्रभारी सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले के रूप में हुई है. वहीं घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा का इलाज जारी है.
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम के मुताबिक, हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर इलाके में बड़ी संख्या में IED छिपाए जाने की सूचना थी. इन्हें निष्क्रिय करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा था.
गौरतलब है कि 31 मार्च को राज्य को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किए जाने के बाद यह पहली बड़ी घटना है. हालांकि, बस्तर क्षेत्र के जंगलों में पहले से बिछाई गई बारूदी सुरंगें अभी भी सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों के लिए बड़ा खतरा बनी हुई हैं.
घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

