जबलपुर में ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मारकर पलटी बस, 50 से ज्यादा यात्री घायल, 6 की हालत गंभीर, गोसलपुर में ओवरटेक करते वक्त हादसा

जबलपुर में ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मारकर पलटी बस, 50 से ज्यादा यात्री घायल, 6 की हालत गंभीर, गोसलपुर में ओवरटेक करते वक्त हादसा

प्रेषित समय :15:26:41 PM / Tue, May 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित गोसलपुर सिहोरा रोड पर आज सुबह दस बजे के लगभग बड़ा हादसा हो गया. यहां पर तेज गति से आ रही  गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मारकर पलट गई. हादसे में बस में सवार 50 से ज्यादा यात्रियों को चोटें आई. घटना के बाद लोगों में चीख पुकार मच गई. दुर्घटना होते देख राह चलते लोग रुक गए, यहां तक कि स्थानीय लोग पहुंच गए, पुलिस भी आ गई. सभी ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. जहां पर 6 घायलों की हालत को देखते हुए मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है.

बताया गया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेंहू लोड करके चालक जबलपुर कृषि उपज मंडी जाने के लिए निकला. जब वह गोसलपुर से आगे बढ़ रहा था, इस दौरान कटनी से जबलपुर की ओर आ रही बस के चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया. ओवरटेक करते समय बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया. ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया. कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें भी आई हैं.

सूचना मिलते ही गोसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना माना जा रहा है. घायलों का इलाज सिविल अस्पताल सिहोरा और मेडिकल कॉलेज में जारी है. पुलिस के मुताबिक 18 घायलों का इलाज गोसलपुर में, 21 का सिहोरा अस्पताल में, जबकि 6 गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है. ओवरटेक करने के प्रयास में बस ट्रैक्टर से जा टकराई. पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-