होटल में इवेंट एंकर से दुराचार, छत्तीसगढ़ का एमआर शादी का झांसा देकर फरार

होटल में इवेंट एंकर से दुराचार, छत्तीसगढ़ का एमआर शादी का झांसा देकर फरार

प्रेषित समय :18:44:25 PM / Thu, May 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में छत्तीसगढ़ के युवक द्वारा इवेंट एंकर के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम छत्तीसगढ़ रवाना करने की तैयारी कर रही है. घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. 

 जानकारी के अनुसार माढ़ोताल के ग्रीन सिटी क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय युवती जो बड़े आयोजनों में एंकरिंग कर अपनी पहचान बना चुकी है उसने छत्तीसगढ़ निवासी सूर्या सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और बलात्कार की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया है. इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत अक्टूबर 2025 में हुई थी जब पीड़ित युवती एक कार्यक्रम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ प्रवास पर थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात सूर्या सिंह से हुई जो वहां एक नामी कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत है.

मुलाकात के बाद दोनों के बीच मेल-जोल बढ़ा और धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती से आगे निकल गई. आरोपी सूर्या ने बड़ी ही चालाकी से युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का प्रस्ताव रख दिया. विश्वास का आलम यह था कि दोनों के परिवारों के बीच भी विवाह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं जिससे युवती को आरोपी की नीयत पर रत्ती भर भी शक नहीं हुआ. इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी कुछ समय पहले जबलपुर आया और सिविल लाइन के एक होटल में ठहरा. उसने युवती को मिलने के बहाने होटल बुलाया और वहां शादी का अटूट वादा करते हुए उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वापस छत्तीसगढ़ लौट गया और अपनी असलियत दिखानी शुरू कर दी.

जब युवती ने भविष्य को देखते हुए शादी का दबाव बनाया तो सूर्या सिंह अपने वादों से मुकर गया और उसने युवती से बात करना बंद कर दिया. खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही पीड़िता ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई तो मामला पुलिस की चौखट तक पहुंचा. सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी सूर्या सिंह के विरुद्ध बलात्कार का मामला पंजीबद्ध किया है. 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने न केवल पीड़िता का शारीरिक शोषण किया बल्कि उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया है. फिलहाल पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है जो आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छत्तीसगढ़ रवाना होने की तैयारी में है. पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी जुटा रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके. 

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सोशल और प्रोफेशनल सर्कल में बढ़ते मेल-जोल के बीच सावधानी हटी तो बड़ी दुर्घटना घट सकती है. शहर में इस खबर के फैलते ही सनसनी फैल गई है और लोग जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-