बिहार: आंधी-तूफान से पटना में पेड़ गिरने से चार की मौत, आरजेडी कार्यालय में बाल-बाल बचे तेजस्वी यादव

बिहार: आंधी-तूफान से पटना में पेड़ गिरने से चार की मौत, आरजेडी कार्यालय में बाल-बाल बचे तेजस्वी यादव

प्रेषित समय :22:12:11 PM / Fri, May 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पटना. बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई. तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया. सबसे ज्यादा असर बेली रोड और गर्दनीबाग इलाके में देखने को मिला.

बेली रोड पर एक पेड़ नारियल बेचने वाले व्यक्ति के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. राजवंशी नगर में एक टेंपो पर पेड़ गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं गर्दनीबाग में एक विशाल पेड़ गिरने से तीन लोग उसके नीचे दब गए. इनमें से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति अब भी फंसा हुआ है.

इधर, राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय परिसर में भी एक बड़ा पेड़ गिर गया. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बाल-बाल बच गए. आरजेडी सूत्रों के अनुसार, आंधी-बारिश के दौरान जब पेड़ गिरा, उस समय तेजस्वी यादव अपने चैंबर में मौजूद थे. तेज आवाज सुनते ही वे तुरंत वहां से निकलकर मीटिंग रूम की ओर चले गए. उस वक्त उनकी बेटी भी उनके साथ थी. पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और तेजस्वी यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं.

आंधी-बारिश का कहर

शुक्रवार शाम अचानक पटना के मौसम का मिजाज बदल गया. करीब आधे घंटे तक चली तेज आंधी और बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. फुलवारीशरीफ इलाके में बारिश के साथ ओले भी गिरे. वहीं, मुजफ्फरपुर में भी बारिश दर्ज की गई. सूत्रों के अनुसार, तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिर गए. दानापुर के तकियापर इलाके में पेड़ गिरने से दो युवक दबकर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों की पहचान गुड्डू और मुन्ना के रूप में हुई है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है.

राबड़ी आवास के बाहर गिरा विशाल पेड़

पटना में तेज आंधी और बारिश के कारण पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास के बाहर एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया. इससे सड़क पूरी तरह जाम हो गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई. वहीं, सर्कुलर रोड से मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले अणे मार्ग गेट के पास भी एक पेड़ गिर गया. वन विभाग और नगर निगम के अधिकारी सड़क से पेड़ हटाने के काम में जुटे हुए हैं. पटना वेटनरी कॉलेज के पीछे वाले रास्ते में कर्मचारी चयन आयोग के पास एक कार के ऊपर पेड़ गिरने की सूचना है.

बिहार में मौसम का रेड अलर्ट

पेड़ गिरने की वजह से कई गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए. मौसम विभाग ने बिहार के 6 जिलों में शाम के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात का रेड अलर्ट जारी किया है. इनमें मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर और सीतामढ़ी जिले शामिल हैं. इससे पहले मौसम विभाग ने औरंगाबाद, गया, पटना, जहानाबाद और अरवल जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया था. विभाग के अनुसार, शनिवार 9 मई को राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-