जबलपुर के रांझी क्षेत्र में युवक की हत्या, लाश को बापू नगर के सटे जंगल में फेंका

जबलपुर के रांझी क्षेत्र में युवक की हत्या, लाश को बापू नगर के सटे जंगल में फेंका

प्रेषित समय :16:29:44 PM / Wed, May 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रांझी स्थित बापू नगर क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब समीपस्थ जंगल में एक युवक की लाश मिली. लाश मिलने की खबर पाते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, वहीं आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्र रही. चर्चाओं में यह बात सामने आई है कि किसी ने युवक की गला घोंटकर हत्या की और लाश को यहां लाकर फेंक दिया है.

पुलिस के अनुसार बापू नगर खेरमाई मंदिर के समीप ही घना जंगल है जहां पर लोगों का आना जाना नहीं होता है. इस बात का फायदा उठाते हुए युवक की हत्या कर लाश को फेंक दिया गया. आज दोपहर के वक्त कुछ लोग यहां से गुजरे तो युवक की लाश देखी. लाश मिलने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए, जिन्होने पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक का शव जंगल में एक पेड़ के नीचे पड़ा है.

जिसकी पीठ पर गंभीर चोट के निशान है. पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराई लेकिन किसीने नहीं पहचाना. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए  मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है. पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे है. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के थानों को सूचना दी गई है.

अवैध कारोबारियों का आना जाना रहता है-

चर्चाओं में यह बात भी सामने आई है कि बापू नगर से लगा यह जंगल अवैध कारोबारियों का अड्डा है, जहां पर कच्ची शराब बनाने का अवैध कारोबार किया जाता है. पुलिस ने कई बार दबिश देकर अवैध कारोबारियों को भी पकड़ा है. इस क्षेत्र का कुछ हिस्सा खमरिया थाना क्षेत्र में भी आता है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-