पमरे के दमोह रेलवे स्टेशन पर बाल तस्करी की सूचना पर रोकी ट्रेन, बोगियों में छापेमारी

पमरे के दमोह रेलवे स्टेशन पर बाल तस्करी की सूचना पर रोकी ट्रेन, बोगियों में छापेमारी

प्रेषित समय :16:54:09 PM / Fri, May 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दमोह. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के दमोह रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब यह खबर मिली कि बच्चों को बाल श्रम के उद्देश्य से अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन के ज़रिए ले जाया जा रहा है. जानकारी मिलते ही पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), बाल कल्याण समिति, महिला एवं बाल विकास विभाग और श्रम विभाग की एक संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ट्रेन में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

बाल तस्करी की सूचना, अलर्ट हुआ प्रशासन

दरअसल, बाल कल्याण समिति और अन्य संबंधित विभागों को यह जानकारी मिली थी कि बच्चों को बाल श्रम के उद्देश्य से दरभंगा से अहमदाबाद तक अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए ले जाया जा रहा है. इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए इन विभागों ने मिलकर ट्रेन पर छापा मारा और उसमें यात्रा कर रहे बच्चों की जांच की. जहां ज्यादातर बच्चे अपने माता-पिता के साथ थे, वहीं कुछ बच्चे अपने आधार कार्ड के साथ यात्रा कर रहे थे. ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से पहले टीम केवल कुछ ही डिब्बों की तलाशी ले पाई. फिर ट्रेन रवाना हो गई, लेकिन इस अभियान के दौरान कोई भी बाल श्रमिक बरामद नहीं हुआ.

पुलिस- आरपीएफ की रेड

ट्रेन के रवाना होने के बाद अगले बड़े स्टेशन सागर को ट्रेन का निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए गए. बाल कल्याण समिति और श्रम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बाल श्रमिकों को रोजाना ट्रेनों के जरिए बड़े शहरों में ले जाया जा रहा है. विभाग इन शिकायतों को लेकर सतर्क है. इस खास सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक छापा मारा गया. हालांकि, समय की कमी के कारण बच्चों का पता नहीं लगाया जा सका. फिर भी अब से इन ट्रेनों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा. इस बीच स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के अधिकारियों ने पुष्टि की कि मिली खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई थी, और अब इन ट्रेनों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-