जबलपुर : मदन महल क्षेत्र में पार्टी में हुआ विवाद, डीजे संचालक की युवकों ने चाकू मारकर की हत्या

जबलपुर : मदन महल क्षेत्र में पार्टी में हुआ विवाद, डीजे संचालक की युवकों ने चाकू मारकर की हत्या

प्रेषित समय :11:45:20 AM / Sat, May 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शहर के मदन महल थाना अंतर्गत तीन पत्ती चौक रोहाणी ट्रेवल्स के सामने रहने वाले डीजे संचालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. बताया जाता है कि शादी का सीजन खत्म होने के बाद टेंट, डीजे व ट्रांसपोर्ट के कर्मचारियों के लिए पार्टी रखी गई थी.उस पार्टी में हुए विवाद के बाद युवकों ने घेराबंदी कर डीजे संचालक की चाकू मारकर हत्या कर दी.

बताया जाता है कि पार्टी मदन महल क्षेत्र के ही एक रेस्टोरेंट में रखी गई थी. होटल के पीछे कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का कुछ युवकों से विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि शराब के नशे में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को गाली दे दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई.

मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया. अतुल और कपिल वहां से निकलकर अपने घर जाने लगे. बताया जा रहा है कि जिन युवकों से रेस्टोरेंट के पीछे विवाद हुआ था, उन्हीं युवकों ने कुछ देर बाद बाइक से उनका पीछा किया और तीन पत्ती स्थित यूको बैंक के पास स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने उन्हें रोक लिया.

यहां आरोपियों ने फिर विवाद शुरू किया और कपिल प्यासी पर चाकू से हमला कर दिया. हमलावरों ने उसकी कमर के नीचे चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना देर रात करीब डेढ़ बजे से दो बजे के बीच की बताई जा रही है.

सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है. उसकी तलाश जारी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद ही हत्या की बड़ी वजह बन गया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-