जबलपुर. एमपी के जबलपुर में हनुमानताल स्थित मोहरिया में देर रात वाहन हटाने को लेकर उपजे विवाद पर नगर निगम कर्मचारी पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया. हमले में मोहम्मद दिलशाद के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. हमला होते देख आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घायल दिलशाद को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को खबर दी.
पुलिस के अनुसार राजीव नगर निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद दिलशाद नगर निगम में प्राइवेट तौर पर कार्यरत है. दिलशाद देर रात अपने दो दोस्तों मोहम्मद कलीम और मोहम्मद शानू के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर वापस जा रहा था. इसी दौरान वे सभी मोहरिया कैफे के सामने गली नंबर 1 में गुटखा लेने के लिए रुक गया. इस दौरान मोहम्मद हसन अपने दो अन्य साथियों के साथ आया और उसने अपनी बुलेट गाड़ी को दिलशाद की मोटरसाइकिल के आगे अड़ाकर खड़ा कर दिया.
दिलशाद ने जब मोहम्मद हसन से अपनी बुलेट हटाने के लिए कहा तो तीनों ने गाली गलौज शुरु कर दी. इसी बीच मोहम्मद हसन ने चाकू निकाला और दिलशाद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में दिलशाद के हाथ व पैरों में गंभीर चोटें आई. घटना के बाद घायल दिलशाद को लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. इसके बाद मामले की सूचना हनुमानताल थाने को दी गई. पुलिस ने हसन व उसके दो साथियों के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

