जबलपुर के होटल पंचवटी गौरव में खाद्य विभाग की दबिश, सिविक सेन्टर क्षेत्र में हड़कम्प

जबलपुर के होटल पंचवटी गौरव में खाद्य विभाग की दबिश, सिविक सेन्टर क्षेत्र में हड़कम्प

प्रेषित समय :19:29:33 PM / Sun, May 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित होटल पंचवटी गौरव में आज उस वक्त अफरातफरी मच गई. जब वहां भोजन करने पहुंचे बरसैयां परिवार को दूषित और बदबूदार खाना परोस दिया गया. खाने से आ रही तेज दुर्गंध के बाद बरसैयां परिवार ने सजगता दिखाते हुए तुरंत इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा प्रशासन से की. शिकायत मिलते ही विभाग की टीम ने तत्काल एक्शन लिया और होटल में दबिश देकर खाद्य पदार्थों के सैंपल सील किए.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे को दोपहर 4.30 बजे बरसैयां परिवार द्वारा दूषित भोजन परोसे जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. बरसैयां परिवार की मौजूदगी में ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की. होटल पंचवटी गौरव पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने वहां मौजूद मैनेजर और शिकायतकर्ता बरसैयां परिवार से बात की.

बरसैयां परिवार ने टीम को बताया कि होटल में उन्हें जो पूरनपोली, आमरस और ढोकला परोसा गया था, उससे भयंकर दुर्गंध आ रही थी, जो खाने योग्य बिल्कुल नहीं था. बरसैयां परिवार के अनुरोध पर टीम ने इन तीनों खाद्य पदार्थों के बचे हुए हिस्से को जब्त कर जांच के लिए सील कर दिया. विभागीय टीम ने बरसैयां परिवार, उनके साथियों और अन्य की उपस्थिति में ही तीनों नमूनों का वजन कराया. इसके बाद पूरी विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सुरक्षित पंचनामा तैयार किया गया. मौके पर मौजूद होटल मैनेजर और बरसैयां परिवार के सदस्यों के हस्ताक्षर कराए गए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-