भोपाल. नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा की एसडीएम और आईएएस के लिए चयनित पूजा सोनी की मुश्किलें रिश्वतखोरी मामले में बढ़ती नजर आ रही हैं. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने एसडीएम के स्टेनोग्राफर सौरभ यादव को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद अब जांच की आंच सीधे एसडीएम तक पहुंचती दिखाई दे रही है. खास बात यह है कि पूजा सोनी पिछले वर्ष यूपीएससी परीक्षा में 279वीं रैंक हासिल कर चर्चा में आई थीं और उन्हें जल्द कैडर मिलने की संभावना जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार ईओडब्ल्यू ने यह कार्रवाई संजय राय की शिकायत पर की. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कॉलोनी निर्माण के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी जारी करने के एवज में तेंदूखेड़ा एसडीएम पूजा सोनी ने 25 हजार रुपए तथा उनके स्टेनो सौरभ यादव ने 5 हजार रुपए की मांग की थी. शिकायत में यह भी कहा गया कि रिश्वत की राशि स्टेनोग्राफर के माध्यम से ली जानी थी.
बताया जा रहा है कि कॉलोनी निर्माण की अनुमति से पहले संबंधित स्थल का निरीक्षण किया जाता है और उसके बाद एनओसी जारी होती है. इसी प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर रिश्वत मांगी गई. ईओडब्ल्यू ने गुरुवार को जाल बिछाकर सौरभ यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
मामले की जांच के दौरान ईओडब्ल्यू को एक वॉयस रिकॉर्डिंग भी मिली है, जिसकी ट्रांसक्रिप्शन कराई जा रही है. जांच एजेंसी का कहना है कि रिकॉर्डिंग में हुई बातचीत से पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकती है. स्टेनोग्राफर का बयान भी दर्ज कर लिया गया है और रिकॉर्डिंग की जांच पूरी होने के बाद तेंदुखेड़ा एसडीएम पूजा सोनी से भी पूछताछ की जा सकती है.
सूत्रों के मुताबिक वॉयस रिकॉर्डिंग में “पुताई” यानी कार्यालय में रंगाई-पुताई का जिक्र किया गया है. जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं “पुताई” शब्द रिश्वत के लिए इस्तेमाल किया गया कोई सांकेतिक शब्द तो नहीं था. फिलहाल ईओडब्ल्यू इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कथित रकम वास्तव में कार्यालय की पेंटिंग के लिए मांगी जा रही थी या इसके पीछे कोई और मंशा थी.
इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है. एक ओर जहां पूजा सोनी की यूपीएससी सफलता को लेकर चर्चा थी, वहीं अब रिश्वतखोरी के आरोपों ने उनके करियर पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ईओडब्ल्यू का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

