जबलपुर-मंडला मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से कंटेनर टकराया, दो ड्राइवरों की मौत, केबिन में घंटों फंसा रहा शव

जबलपुर-मंडला मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से कंटेनर टकराया, दो ड्राइवरों की मौत, केबिन में घंटों फंसा रहा शव

प्रेषित समय :15:23:07 PM / Tue, May 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर/मंडला. एमपी के मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार 19 मई की तड़के सड़क हादसे में दो चालकों की मौत हो गई. हादसा टिकरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चिरी घाट में सुबह करीब 5 बजे हुआ.
पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 22 जे 6075 जबलपुर से मंडला की ओर जा रहा था. रास्ते में ट्रक का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद चालक ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और टायर बदलने लगा.

ढलान पर अनियंत्रित हुआ कंटेनर

इसी दौरान जबलपुर की ओर से आ रहा कंटेनर क्रमांक आरजे 11 जीसी 8798 तेज रफ्तार में खड़े ट्रक से जा टकराया. बताया जा रहा है कि घाट की ढलान के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. कंटेनर चालक केबिन में फंस गया, जबकि ट्रक के नीचे काम कर रहे चालक को संभलने का मौका नहीं मिला.

मौके पर ही दोनों चालकों की मौत

हादसे में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को वाहनों से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज भेजा.

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मृतकों की पहचान और पते की पुष्टि नहीं हो पाई है. दोनों वाहनों के मालिकों और परिजनों को सूचना दी गई है. मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है और हादसे की जांच जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-