जबलपुर. शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला पर उसके पार्टनर ने जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने महिला के गले पर चाकू से वार किया और बाद में बेलन से सिर कुचलने की कोशिश की. गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भागी, जिसके बाद राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी.
घटना 24 मई रविवार की है. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके गले में 18 टांके लगाए. फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. उधर, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस के मुताबिक माढ़ोताल क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय गौरी दुबे अपने लिव-इन पार्टनर नीतेश पाटकर के साथ पिछले दो वर्षों से रह रही थी. बताया गया है कि गौरी का पति करीब दो साल पहले उसे छोड़कर चला गया था. इसी दौरान उसकी पहचान आईटीआई करमेता निवासी नीतेश पाटकर से हुई थी. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में साथ रहने लगे.
अलग रहने की बात से नाराज था आरोपी
शुरुआत में दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन समय के साथ विवाद बढऩे लगे. आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान होकर गौरी ने आरोपी से अलग होने का फैसला कर लिया था. पुलिस के अनुसार इसी बात से नाराज होकर नीतेश ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार गौरी घर की रसोई में खाना बना रही थी, तभी आरोपी दबे पांव पीछे से घर में घुसा और चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया. महिला के चीखने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और पास में रखा बेलन उठाकर सिर पर ताबड़तोड़ वार किए.
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद गौरी ने हिम्मत दिखाई और आरोपी को धक्का देकर घर से बाहर भाग निकली. सड़क पर खून से लथपथ हालत में महिला को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी. बाद में महिला खुद माढ़ोताल थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

