रामसागर तालाब में डूबने से राजमिस्त्री की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

रामसागर तालाब में डूबने से राजमिस्त्री की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

प्रेषित समय :15:34:04 PM / Sun, May 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

धमतरी. कुरूद के रामसागर तालाब में नहावन कार्यक्रम के दौरान डूबे एक व्यक्ति का शव लगभग 24 घंटे बाद बरामद किया गया. घटना के बाद पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया गया, जिसके बाद रविवार सुबह शव को पानी से बाहर निकाला गया.

मृतक की पहचान ग्राम उमरदा निवासी 40 वर्षीय संतोष कंवर के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री था. वह एक पारिवारिक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुरूद आया था. शनिवार दोपहर नहावन कार्यक्रम के दौरान वह तालाब में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने से अचानक लापता हो गया.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवाओं ने तत्काल खोज शुरू कर दी. बाद में पुलिस प्रशासन और धमतरी से बुलाए गए अनुभवी गोताखोरों ने तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया. देर रात तक अभियान जारी रहा, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.

रविवार सुबह एक बार फिर तलाश शुरू की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग तालाब के आसपास एकत्रित हो गए थे. आखिरकार सुबह करीब 7:15 बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद संतोष कंवर के शव को तालाब से बाहर निकाला.

कुरूद थाना प्रभारी अवध राम साहू की मौजूदगी में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-