पटना. सुप्रसिद्ध खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए पथराव और तोडफ़ोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पटना पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों से पहले लंबी पूछताछ की गई. इसके बाद उपलब्ध सबूतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया. एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच के दौरान मिले वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है.
पुलिस का आरोप है कि रौशन आनंद के कहने पर कुछ लोगों ने खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के बाहर पथराव, तोडफ़ोड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया. जांच में सामने आया है कि कई लोगों ने मिलकर इस पूरी घटना की योजना बनाई थी.
कब हुआ था हमला?
यह घटना 2 जून 2026 की रात करीब 10:10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के बाहर हुई थी. घटना के दौरान कुछ लोगों ने कोचिंग सेंटर पर ईंट-पत्थर फेंके और तोडफ़ोड़ की. इस दौरान संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
कैसे हुई गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई. शुरुआती जांच में पता चला कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े 15 से 20 लोगों ने कथित तौर पर इस घटना में हिस्सा लिया था.
गोलीबारी की पुष्टि नहीं
हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि अब तक की जांच और सीसीटीवी फुटेज में गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी भी जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

