जबलपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल के आव्हान पर प्रदेश कार्यालय त्रिवेदी डेंटल सेंटर, जबलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान 21 वृक्षों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना और समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना था।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष न केवल मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन का प्रमुख स्रोत हैं, बल्कि जलवायु संतुलन, जैव विविधता संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण जैसे प्रयास भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर प्रदेश सह-संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार त्रिवेदी, महानगर संयोजक डॉ. विवेक जैन, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. शुभम अवस्थी, डॉ. शिल्पी अग्रवाल, डॉ. सचिन बधुलिया, राकेश गुप्ता, डॉ. वीरेंद्र साहू, डॉ. अमरीश पाण्डेय, डॉ. श्रीकांत साहू, डॉ. ऋषि उपाध्याय एवं शशांक शर्मा सहित अनेक चिकित्सकों और कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने “एक वृक्ष – एक संकल्प, स्वच्छ एवं हरित भविष्य की ओर” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

