मोरबी. गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर चरड़वा गांव के बाहरी इलाके में शुक्रवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में रणछोडग़ढ़ गांव के पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार एक फैक्ट्री से निकल रहे डंपर से टकरा गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
जानकारी के अनुसार, रणछोडग़ढ़ निवासी दिलीप दहैया का 24 वर्षीय पुत्र परेश दहैया मानसर गांव के पास बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने के उद्देश्य से गांव के कुछ युवक कार में लेकर रवाना हुए थे।
रात करीब 9:30 बजे चरड़वा गांव के पास एक पेट्रोल पंप के सामने फैक्ट्री से निकल रहे डंपर ने अचानक मोड़ लिया। अस्पताल पहुंचने की जल्दबाजी में कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे घुस गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन की सहायता से कार को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय सुरेश सिहोरा, 28 वर्षीय वीरम दहैया, 24 वर्षीय परेश दहैया, प्रेमजी दहैया और भरत दहैया के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश दहैया और दिलीप दहैया गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का मोरबी और राजकोट के अस्पतालों में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही हलवद तालुका पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। एक घायल युवक की जान बचाने के लिए अस्पताल ले जा रहे पांच युवकों की मौत से रणछोडग़ढ़ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


