गुजरात : सूरत में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत

गुजरात : सूरत में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत

प्रेषित समय :14:53:48 PM / Sun, Jun 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सूरत. गुजरात में रविवार 7 जून को बड़ा हादसा हो गया. सूरत में एक आभूषण वाली कंपनी में 4 मजदूरों की मौत हो गई. ये मजदूर सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे थे. दम घुटने से मजदूरों की मौत हो गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सूरत के अश्विनी कुमार इलाके में एक आभूषण कंपनी में ईटीपी टैंक की सफाई के दौरान गैस रिसाव के कारण 4 लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. सूरत के जोन-1 के डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि गहने धोने का अपशिष्ट पदार्थ सेप्टिक टैंक में जाता है, जिसकी नियमित सफाई की जाती है ताकि जमा हुआ कीचड़ साफ हो सके. यह सफाई हर दो महीने में की जाती है. आज सुबह चार लोगों की एक टीम सफाई करने वहां गई थी.

1 मजदूर को बचाने गए थे साथी

डीसीपी ने बताया कि सफाई के दौरान एक व्यक्ति टैंक में गिर गया और उसे बचाने गए अन्य मजदूर भी गिर गए. कुल 4 लोगों की मौत हो चुकी है. हम फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर रहे हैं.  पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में डीसीपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की प्रारंभिक जांच में किसी भी आवश्यक सुरक्षा उपकरण की मौजूदगी नहीं दिखी है. यह घटना सुबह तड़के हुई जब वे सफाई करने वहां गए थे. उनके पास कीचड़ को संभालने और हटाने के लिए आवश्यक उचित उपकरण नहीं थे, जिसके कारण यह घटना घटी. 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया, रासायनिक विषाक्तता मौत का कारण प्रतीत होती है, क्योंकि ऐसे मामलों में दम घुटने से होने वाली अचानक मौतों में अक्सर रासायनिक विषाक्तता शामिल होती है. हालांकि, डॉक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण की पुष्टि होने तक हम निश्चित रूप से कुछ नहीं कह सकते.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-