जबलपुर में बिजली बिल बकायादारों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, काटे गए कनेक्शन, आउटसोर्स कर्मी से की गई थी मारपीट

जबलपुर में बिजली बिल बकायादारों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, काटे गए कनेक्शन, आउटसोर्स कर्मी से की गई थी मारपीट

प्रेषित समय :18:24:48 PM / Sun, Jun 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोरखपुर स्थित सेठी नगर में बिजली चोरी का का प्रकरण बनने से गुस्साए उपभोक्ता प्रेम ठाकुर उर्फ छोटू ने आउटसोर्स कर्मचारी को बंधक बनाकर मारपीट की, इस घटना के बाद विद्युत मंडल की टीम ने आज अवकाश के दिन पुलिस बल के साथ जाकर सेठी नगर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर मुख्य आरोपी सहित अन्य बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए. यहां तक कि तीन नए बिजली चोर अखिलेश सोनकर, पवन ठाकुर एवं राहुल चक्रवर्ती पर मामला दर्ज किया है.

विद्युत मंडल के अधिकारियों ने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारी अनमोल तिवारी शनिवार को दोपहर 3 बजे के आसपास सेठी नगर पानी की टंकी के पास रूटीन मीटर रीडिंग का काम कर रहा था. उसी दौरान वहां पहुंचे सेठी नगर निवासी प्रेम ठाकुर और उसके दो अज्ञात साथियों ने कर्मचारी को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और प्रेम ठाकुर के घर ले गए. वहां उसे आधे घंटे तक कमरे में बंद रखकर बुरी तरह पीटा गया और गाली-गलौज की गई. आरोपी ने कर्मचारी पर दबाव बनाया कि पिछले महीने उसके घर पर जो बिजली चोरी का पंचनामा बना था, उसकी पेनाल्टी की राशि अब कर्मचारी को ही भरनी पड़ेगी. इसके बाद आरोपी ने अनमोल का एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें जबरन यह कुबूल करवाया गया कि उसने उपभोक्ता से 35000 रुपये लिए हैं.

वारदात के दौरान ही आरोपी ने कर्मचारी से जूनियर इंजीनियर अरुण मालवीय को फोन लगवाकर बिल में सुधार करने की बात भी कहलवाई. कर्मचारी के साथ हुई इस गुंडागर्दी के विरोध में विद्युत विभाग ने रविवार को अवकाश होने के बावजूद पुलिस बल को साथ लेकर पूरे सेठी नगर क्षेत्र में एक बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया. इस कार्रवाई के तहत सबसे पहले मुख्य आरोपी प्रेम ठाकुर के घर की सर्विस लाइन और मीटर को उखाड़कर जब्त कर लिया गया. इसके साथ ही इलाके के अन्य बकायेदारों के कनेक्शन भी मौके पर ही काट दिए गए. सघन चेकिंग के दौरान तीन अन्य उपभोक्ताओं अखिलेश सोनकर, पवन ठाकुर और राहुल चक्रवर्ती के परिसरों में भी सीधे तौर पर बिजली की चोरी पकड़ी गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए धारा 135 के तहत नए प्रकरण बनाए गए और उनके कनेक्शन खंभे से काट दिए गए. विभाग ने साफ किया है कि इस मामले में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए विशेष वकील नियुक्त किया जाएगा.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-